पटना
बिहार के जमुई जिले में झाझा–जसीडीह रेलखंड पर एक मालगाड़ी के बेपटरी होने से हावड़ा–दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हादसे के चलते 11 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि दर्जनों ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
रेल प्रशासन के अनुसार, सिमुलतला और टलवा बाजार हाल्ट के बीच बड़ुआ नदी के पुल के पास मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही ठप हो गई। हादसे के बाद राहत और ट्रैक बहाली का कार्य तुरंत शुरू किया गया।

परिचालन प्रभावित होने के कारण कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। कुछ ट्रेनों को बरौनी, मोकामा, जमालपुर और भागलपुर के रास्ते डायवर्ट किया गया है, जबकि कई पैसेंजर और लोकल ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या रद्द कर दिया गया है।
इस घटना से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। रेलवे की ओर से यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है। फिलहाल ट्रैक की मरम्मत और लाइन क्लियर करने का काम जारी है। प्रशासन का दावा है कि स्थिति को जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
